ललितपुर
लाइनमैन की मनमानी से गांव अंधेरे में, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों ने आरोप लगाकर डीएम के नाम ओएसडी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम नयागांव में बीते करीब एक माह से विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेई के कहने पर लाइनमैन व संबंधित कर्मचारियों द्वारा गांव की बिजली काट दी गई, जिसके बाद से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार आगामी 18 फरवरी 2026 से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं प्रारंभ होनी हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण बच्चों को रात में पढ़ाई करने में भारी दिक्कत हो रही है। इससे परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। अंधेरे के कारण गांव में चोरी की घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। साथ ही रात के समय जंगली जानवरों व जहरीले जीव-जंतुओं के गांव में घुस आने का खतरा भी बना रहता है, जिससे किसी भी समय जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए तत्काल गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति चालू नहीं की गई, तो बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ गांव की सुरक्षा भी प्रभावित होती रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि परीक्षार्थी शांतिपूर्वक पढ़ाई कर सकें और गांव में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके। ज्ञापन देते समय देशराज, मनोहरसिंह, सन्तराम सिंह, नन्दराम, सुमरन, पूर्व प्रधान हरलाल, अभिषेक, छोटू, मोहन, पृथ्वीराज, बृजेन्द्र सिंह, मनराखन, राजू, हरीबाई, नीरज, हल्कू, नमनी, तुलाराम, चन्दन सिंह, लीलाधर, भुजबल, मुन्ना, लालसिंह समेत अनेकों ग्रामीण मौजूद रहे।



