ललितपुर

कोतवाली पुलिस का बड़ा एक्शन,दुकान में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार

सीसीटीवी व सर्विलांस से हुआ खुलासा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दुकान में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से इन्वर्टर, बैटरी और प्रिंटर बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में, एएसपी कालू सिंह तथा सीओ सदर सुनील कुमार भारद्वाज के निकट पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में चोरी, नकबजनी व संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
रात में दुकान बंद, सुबह टूटा मिला ताला
कोतवाली ललितपुर क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी दुकानदार रवि कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 11 फरवरी की रात वह अपनी मोबाइल व कम्प्यूटर से संबंधित दुकान बंद कर घर चला गया था। 12 फरवरी की सुबह जब दुकान खोली तो ताले टूटे मिले और दुकान के अंदर रखा इन्वर्टर, बैटरी, प्रिंटर सहित अन्य सामान गायब था। चोरी की इस वारदात से व्यापारी वर्ग में दहशत फैल गई थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली ललितपुर में मुकदमा संख्या 166/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही तकनीकी व मैनुअल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। कड़ी मेहनत और सटीक पुलिसिंग के बाद पुलिस ने तीनों अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सुब्बन उर्फ प्रकाश पुत्र कुदऊ, राकेश बरार पुत्र शेखर एवं सुनील पुत्र खेतसिंह निवासी भदइयापुरा बताये गये हैं।
चोरी का माल बरामद, न्यायालय में पेश
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी गया एक अदद प्रिंटर, एक अदद इन्वर्टर तथा एक अदद बैटरी बरामद की है। तीनों आरोपियों को 15 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button