गोड्डा
अनुमंडल पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 के सुचारु, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव के द्वारा गोड्डा एवं पोड़ैयाहाट प्रखण्ड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा कक्षों का जायजा लेते हुए प्रश्न पत्र वितरण, उत्तर पुस्तिका संधारण, वीक्षण कार्य, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था सहित सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता हर हाल में बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल सूचना दें। उन्होंने वीक्षकों को कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन हेतु सतर्कता बरतने एवं परीक्षार्थियों की समुचित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न हो, इसके लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी ने परीक्षार्थियों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्वक एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित पाई गई। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



