शामली
नाले किनारे दोबारा रास्ता खोलने पर एसडीएम से शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। लव्वा दाउदपुर में बंद कराए गए रास्ते को दोबारा खोलकर निर्माण कराने का मामला सामने आया है। ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी ऊन को प्रार्थना पत्र देकर नाले के किनारे बनाए जा रहे गेट व दीवार को अवैध बताते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
चौसाना क्षेत्र के लाव्वादाउदपुर में धर्मेन्द्र पुत्र धर्मपाल ने तहसील ऊन दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में एक मकान के पास पूर्व दिशा की ओर रास्ता निकालने का प्रयास पहले भी किया गया था। शिकायत पर अधिकारियों ने जांच की थी, जिसमें मकान नाले के ऊपर होने के कारण रास्ता व गेट खुलवाने की अनुमति नहीं दी गई थी। पूर्व में नाले में गिरकर एक बच्चे की मौत भी हो चुकी है, जिस कारण सुरक्षा को देखते हुए पश्चिम दिशा की ओर का रास्ता बंद करा दिया गया था।
आरोप है कि अब दोबारा उसी स्थान पर गेट लगाकर दीवार का निर्माण किया जा रहा है। इससे फिर किसी हादसे की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि दबंगता के बल पर लगातार निर्माण कार्य जारी है, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
उपजिलाधिकारी से मामले की अन्य अधिकारी से जांच कराकर अवैध निर्माण रुकवाने व लगाए गए गेट को तुरंत बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना को रोका जा सके।


