गोड्डा
मतगणना पदाधिकारियों की गई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : उपायुक्त अंजली यादव के निदेश पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय सभागार में मतगणना पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत मतगणना कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी मतगणना पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है, अतः इसमें पूर्ण सतर्कता, धैर्य एवं पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों को मतगणना कक्ष की व्यवस्था, टेबलवार दायित्व निर्धारण, मतपत्रों की गणना की प्रक्रिया, डाक मतपत्रों की गणना, परिणाम संकलन, प्रपत्रों के संधारण, आपत्ति निवारण की प्रक्रिया तथा सुरक्षा मानकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं संभावित त्रुटियों से बचाव के उपायों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। उपविकास आयुक्त के द्वारा निर्देशित किया कि कि सभी पदाधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का गहन अध्ययन करें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर पूर्व में ही उसका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि मतगणना के दिन किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक चरण का विधिवत दस्तावेजीकरण किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपविकास आयुक्त के द्वारा पुनः सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग करें।
मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन शाखा के वरीय पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी उपस्थित थे।




