पाकुड़

पाकुड़ में मासिक अपराध समीक्षा बैठक: 71 कांडों का निष्पादन, अवैध खनन व यातायात उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश

Monthly crime review meeting in Pakur: 71 cases executed, strict instructions for illegal mining and traffic violations

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 18 फरवरी 2026 बुधवार को पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गये। बैठक में बताया गया कि जनवरी माह में प्रतिवेदित 60 कांडों की तुलना में कुल 71 कांडों का निष्पादन किया गया। शेष लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। चोरी, गृहभेदन एवं छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना गश्ती एवं टाइगर मोबाइल को रात्रि में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध कोयला, पत्थर एवं बालू के उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने पर बल दिया गया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय कर प्रतिदिन समय एवं स्थान बदल-बदल कर वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान हेलमेट, सीटबेल्ट, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस एवं ड्रंकन ड्राइविंग की सघन जांच की जाएगी। बैठक में विगत पांच वर्षों के संपत्तिमूलक कांडों में सिद्धदोष अपराधियों का नाम दागी पंजी में तथा पोक्सो एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज कर सतत निगरानी रखने का आदेश दिया गया। लंबित पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन एवं परिवादों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। आगामी होली पर्व को देखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर निगम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी नगर को नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को National Automated Fingerprint Identification System (NAFIS) की उपयोगिता एवं क्रियान्वयन तथा ट्रिपल तलाक से संबंधित धाराओं पर प्रशिक्षण दिया गया। विषयों पर परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button