खैरथल
भिवाडी मेें अवैध पटाखा फैक्ट्री मे श्रमिको की दर्दनाक मौतों का मामला
जिला कांग्रेस ने मुआवजा और सरकारी नौकरी की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कई श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला इकाई ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा के पदाधिकारियों ने उप जिला कलेक्टर भिवाडी को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि फैक्ट्री बिना वैध अनुमति और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित की जा रही थी, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही घायलों के लिए निशुल्क, समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
पार्टी ने अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक, संचालक और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष बलराम यादव, पवन खटाना, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष देवेंद्र, पूर्व सरपंच दयाराम तंवर, फतेह मोहम्मद, खुर्शीद खान, एडवोकेट परवेज आलम, जमालुद्दीन, वीर सिंह, रईसा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

