नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : क्षेत्र में बुधवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां चौसाना निवासी ईश्वर सैनी की पत्नी बालेश (लगभग 35 वर्ष) अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। महिला की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों – 16 वर्षीय बड़ा पुत्र, 13 वर्षीय दूसरा पुत्र और 9 वर्षीय पुत्री को छोड़ गई है, जिनका भविष्य अब चिंता का विषय बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों का कहना है कि महिला की मृत्यु सामान्य तरीके से हुई प्रतीत होती है, हालांकि गांव में तरह-तरह की चचाएं भी सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि महिला ने आत्महत्या की हो सकती है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था, जो इस दुखद घटना का कारण बन सकता है। हालांकि इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। इसी कारण मौके पर किसी प्रकार की पुलिस जांच या कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि यदि परिवार या ग्रामीणों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मां की असामयिक मौत से बच्चों और पूरे परिवार पर गहरा मानसिक और सामाजिक असर पड़ा है। गांव में शोक संवेदना प्रकट की जा रही है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं। संदिग्ध परिस्थितियों के बावजूद बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में चर्चा है कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


