ललितपुर
ललितपुर में बारातियों और मोहल्लेवासियों में मारपीट, तीन युवक घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। गुरुवार रात सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पिसनारी बाग में बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद घर के पास शराब पीने से मना करने पर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में तीन युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बांसी कस्बे से एक बारात पिसनारी बाग स्थित विवाह घर में आई थी। रात करीब 11 बजे कुछ बाराती विवाह स्थल के पास मोहल्ले में शराब पी रहे थे। इस पर स्थानीय लोगों ने उन्हें मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में घायल दो युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस बारात पक्ष के दो युवकों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। बताया गया कि युवकों को छुड़ाने के लिए बारात में शामिल बीस से अधिक महिलाएं कोतवाली पहुंच गईं और करीब दो घंटे तक वहां मौजूद रहीं। इसी दौरान बारात घर से कोतवाली आ रहे बांसी निवासी बाराती आकाश शर्मा को रास्ते में कुछ युवकों ने रोककर फिर मारपीट कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने पीडि़त आकाश शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
