नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तालबेहट थाना क्षेत्र के ग्राम रजावन में खेत पर तार निकालने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रजावन निवासी रमेश पुत्र भय्यालाल कुशवाहा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे उसके पिता भय्यालाल खेत पर तारडोरी निकालने गए थे। इसी दौरान गांव के ही रविंद्र पुत्र छक्की कुशवाहा वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। पीडि़त के अनुसार जब उसके पिता ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर घर पहुंचे भय्यालाल ने पूरी घटना रमेश को बताई। इसके बाद जब रमेश आरोपी के घर उलाहना देने गया तो वहां मौजूद रविंद्र और सत्तुन पत्नी स्व. छक्कीलाल ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। शिकायत में आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से रमेश की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भगा दिया। पीडि़त ने अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। तालबेहट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत एफआईआर संख्या 0050/2026 दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बलराम सिंह को सौंपी गई है।



