संपा साह के पक्ष में उतरे गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, जनता के हाथ में है 10 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला
Godda MP Nishikant Dubey came out in support of Sampa Saha; the fate of 10 candidates is in the hands of the public.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 20 फरवरी 2026 को निशिकांत दुबे ने पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में आयोजित पदयात्रा में भाग लेकर चुनावी माहौल को गति दी। वे नगर परिषद क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरीं पूर्व अध्यक्ष संपा साह के समर्थन में पहुंचे और आम मतदाताओं से उनके पक्ष में चुनाव चिन्ह बाल्टी छाप पर मतदान करने की अपील की। पदयात्रा के दौरान सांसद दुबे ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी की विकास नीतियों को रेखांकित किया। उन्होंने नगर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए अनुभवी नेतृत्व आवश्यक है। इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों की उपस्थिति देखी गई। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि नगर परिषद चुनाव में सांसद स्तर के वरिष्ठ नेता की सक्रिय भागीदारी को अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। कुछ इसे संगठनात्मक मजबूती का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ इसे बीते पांच वर्षों की कार्य उपलब्धियों को लेकर उठ रहे सवालों से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल चुनावी माहौल में प्रचार-प्रसार तेज हो चुका है और अंतिम निर्णय क्षेत्र की जनता के हाथ में है। पदयात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, युवा नेता सह- पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू, वरीय पदाधिकारी हिसाबी राय, अनुग्रहित प्रसाद साह, तुहिन शुक्ला, राना शुक्ला अन्य समेत काफी संख्या में संपा साह के समर्थित लोग मौजूद थे।



