गोड्डा
महागामा नगर पंचायत चुनाव
प्रशासन अलर्ट मोड पर, बूथों पर मूलभूत सुविधाओं की जांच निष्पक्ष और होगा शांतिपूर्ण मतदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बूथ स्तर तक व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। अध्यक्ष पद के आरो सह डीसीएलआर रितेश कुमार जायसवाल के निर्देश पर नगर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया।दंडाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने एक-एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने सुरक्षा दृष्टिकोण से प्रत्येक बूथ का आकलन किया। बूथ परिसरों में विशेष सफाई अभियान मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने बूथ परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। नालियों की सफाई कर उन्हें ढक्कन से ढका गया, ताकि मतदान के दिन आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो। जिन स्थानों पर जलजमाव की आशंका थी, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर समय पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।मार्गों और रोशनी पर विशेष जोर निरीक्षण टीम ने बूथ तक जाने वाले रास्तों की भी समीक्षा की। गड्ढों, खराब सड़कों और अंधेरे स्थानों को चिन्हित कर त्वरित सुधार के निर्देश जारी किए गए। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि सुबह से शाम तक मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी प्रशासन ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों की सूची की समीक्षा करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की रणनीति बनाई। अतिरिक्त पुलिस बल, गश्ती दल और त्वरित कार्रवाई टीम की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी मतदाताओं से निर्भीक मतदान की अपील निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें निर्भीक और स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा किसी प्रकार के दबाव को सख्ती से रोका जाएगा।महागामा नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की यह सक्रियता संकेत दे रही है कि इस बार व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। अब जनता की नजरें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जब इन तैयारियों की असली परीक्षा होगी और लोकतंत्र का यह महापर्व अपने अंतिम चरण में प्रवेश करेगा।



