सिंगरौली
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर विवाद गहराया, प्रशासन सख्त, बेदखली की तैयारी तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले की बरगवां तहसील अंतर्गत डगा एवं गड़ेरिया क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। प्रशासन द्वारा भूमि खाली कराने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार तहसीलदार बरगवां नागेश्वर पनिका ने 19 लोगों को बेदखली नोटिस जारी कर 17 फरवरी 2026 तक शासकीय भूमि स्वेच्छा से खाली करने के निर्देश दिए थे। समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण बरकरार रहने से अब बलपूर्वक कार्रवाई की संभावना प्रबल हो गई है।
इसी बीच पट्टेदार भरत सिंह और राजकुमार विश्वकर्मा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भरत सिंह का आरोप है कि राजकुमार विश्वकर्मा ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे अन्य लोगों को बेच दिया। वहीं राजकुमार विश्वकर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनसे अनुचित मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर शिकायतें कराई जा रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का भी आरोप है कि पहले कंपनी लगवाने और रोजगार दिलाने के नाम पर जमीन की खरीद-फरोख्त हुई, बाद में शासकीय भूमि पर भी कब्जा कर उसे दूसरों को बेच दिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि अतिक्रमणकारियों ने अंतिम अवसर के बावजूद भूमि खाली नहीं की, तो बलपूर्वक बेदखली अभियान चलाया जाएगा, और कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च संबंधित कब्जाधारियों से वसूला जाएगा।
इधर भरत सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय की शरण लेंगे और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर लेनदेन के आरोप भी लगाए हैं।
वहीं तहसीलदार नागेश्वर पनिका का कहना है कि प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है और निर्देशों के बाद यदि कब्जा नहीं हटाया गया, तो बुलडोजर कार्रवाई कर अवैध निर्माण हटाए जाएंगे तथा शासकीय भूमि को मुक्त कराया जाएगा।



