सदन में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने उठाए गंभीर मुद्दे
Littipada MLA Hemlal Murmu raised serious issues in the House.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने सदन में गृह एवं कारा विभाग मंत्री के समक्ष अति गंभीर मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने राज्य में बढ़ते साईबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, पुलिस-अपराधी गठजोड़ तथा विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की मांग की। विधायक ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन मामलों में ठोस और प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम डुमरिया में बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्र को जनहित में अविलंब चालू कराने की मांग सदन में उठाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने से स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड के ग्राम विराजपुर स्थित रंगा डिग्री कॉलेज को भी यथाशीघ्र सुचारू रूप से प्रारंभ करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने सरकार से इन सभी मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई।



