पाकुड़

पाकुड़ में शबरी पाल का रोड शो, नगर निकाय चुनाव में जनता पर भरोसा

Shabri Pal's road show in Pakur, trust in the public in the municipal elections

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शबरी पाल ने नामुपाड़ा स्थित सद्भावना केंद्र से मदर टेरेसा चौक तक भव्य रोड शो का आयोजन कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों समर्थक, विशेषकर बड़ी संख्या में महिलाएं, रैली में शामिल रहीं। रोड शो के दौरान शबरी पाल ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पाकुड़ के हर वर्ग का अपार समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरीं शबरी पाल ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच वर्षों तक अध्यक्ष पद पर रहने के बावजूद आज उन्हें बड़े नेताओं के सहारे की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निवर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल में शहर के विकास की उपेक्षा हुई। गंगा जल आपूर्ति के नाम पर राजनीति और संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और कचरे के ढेर तथा मच्छर-मक्खियों की बढ़ती समस्या से स्वास्थ्य संकट की स्थिति बन रही है। शबरी पाल ने वादा किया कि यदि जनता उन्हें जिम्मेदारी सौंपती है, तो गंगा जल हर घर तक पहुंचाने के साथ-साथ पाकुड़ को स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने इसे शहर के इतिहास में एक नया अध्याय बताया। रेलवे सुविधाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पाकुड़ से कई ट्रेनें हटाई गईं, जिस पर पूर्व अध्यक्ष ने कोई पहल नहीं की। उन्होंने ट्रेनों और सुविधाओं की बहाली के लिए आन्दोलन करने की चेतावनी दी और आवश्यकता पड़ने पर रेलवे स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन करने की बात कही। उनका आरोप था कि शहर की आर्थिक भागीदारी के बावजूद अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पाईं। अंत में शबरी पाल ने कहा कि उन्होंने अपनी उम्मीदें जनता पर छोड़ दी हैं और जनता का जो भी निर्णय होगा, उसे वे सम्मानपूर्वक स्वीकार करेंगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी प्रतिद्वंद्वी चुनाव से घबराकर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में बुला रही हैं, जबकि वे स्वयं सीधे जनता के बीच जाकर समर्थन मांग रही हैं। नगर निकाय चुनाव को लेकर अब पाकुड़ में मुकाबला रोचक होता जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button