सिंगरौली

सिंगरौली में 28 फरवरी व 1 मार्च को अखिल भारतीय दंगल

देश-विदेश के 40 से 50 पहलवान दिखाएंगे दमखम, रामलीला मैदान में होगा आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में 28 फरवरी और 1 मार्च को अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता सीजन-7 का भव्य आयोजन किया जाएगा। रविवार को आयोजन समिति ने पत्रकार वार्ता कर प्रतियोगिता की तैयारियों और प्रतिभागियों की जानकारी साझा की।
अटल जी की 100वीं जयंती को समर्पित आयोजन
समिति एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय ने बताया कि यह आयोजन देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जन्म शताब्दी के अवसर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दंगल प्रतियोगिता की शुरुआत भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. सुरेश शर्मा ने की थी। बीच में कुछ वर्षों का अंतराल रहा, लेकिन लगातार छह वर्षों से यह आयोजन सफलतापूर्वक किया जा रहा है।समापन समारोह में मप्र शासन के डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
विदेशों से भी पहुंचेंगे पहलवान
आयोजकों के अनुसार इस बार प्रतियोगिता को पहले से अधिक भव्य बनाने का प्रयास किया गया है। देश के साथ-साथ विदेशों से भी नामी पहलवान सिंगरौली पहुंच रहे हैं। इनमें ईरान से इरफान शेख, नेपाल से देवा थापा और महिला पहलवान रूवी थापा, भूटान के चमचम डोगरा, भारत केसरी रामेश्वर पहलवान, केरल से कटप्पा पहलवान, हरियाणा केसरी काली सिंह, अयोध्या से पागल बाबा लाडी, जम्मू से रिजवान गनी, राजस्थान केसरी शमशेर, आसिफ अली, हरियाणा की ज्योति सिंह और गोल्ड मेडलिस्ट बबिता सिंह सहित करीब 40 से 50 पहलवान शिरकत करेंगे। स्थानीय प्रतिभाओं को भी दंगल में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
सामाजिक समरसता का संदेश
संरक्षक एवं सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को बढ़ावा देती है, बल्कि सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि कुश्ती में भले ही पहलवान अखाड़े में एक-दूसरे से मुकाबला करते हैं, लेकिन अंत में सब आपसी भाईचारे के साथ मिलते हैं—यही भावना समाज में भी दिखनी चाहिए।
मंचासीन रहे कई जनप्रतिनिधि
पत्रकार वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरीश द्विवेदी, जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, राजकुमार दुबे, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विनोद चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि व आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन समिति में अध्यक्ष देवेश पांडेय, व्यवस्था प्रमुख संतोष सोनी, पुनवासी रूपेश चौबे, सुरेश पांडेय, सुखेंद्र पाठक, रमेश दुबे, कामाख्या शाह, संतोष शाह, लक्ष्मी शाह, अजय राठौर, संजय, मुरारी शाह, अरविंद शाह, बृजेश शुक्ला, मुकेश पांडे, मिथलेश शाह, वाडीलाल, बब्बू भाई, सूरत शाह, अर्जुन शाह, मनोज यादव, कृष्णा शाह, कमलेश, प्रतीक, संजय एवं रवि सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।दो दिवसीय इस दंगल प्रतियोगिता को लेकर सिंगरौलीवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button