खैरथल

मुण्डावर में सागर जलाशय जीर्णोद्धार का  शिलान्यास

जल संरक्षण सबसे बड़ी प्राथमिकता :भूपेंद्र यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बावड़ी रोड स्थित सागर जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पानी को बचाना ही धरती माता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में एक क्रिकेट मैच के दौरान इस क्षेत्र में आने पर उन्होंने यहां के प्राकृतिक वातावरण और संभावनाओं को देखते हुए जल भंडारण क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया था, जिसके परिणामस्वरूप आज इस महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत हो रही है।
उन्होंने कहा कि सागर जलाशय के जीर्णोद्धार से वर्षा जल का स्थायी संग्रहण संभव होगा, जिससे क्षेत्र का भूजल स्तर बढ़ेगा और मुण्डावर सहित आसपास के क्षेत्रों में जल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से आह्वान किया कि इस योजना के संरक्षण और बेहतर संचालन के लिए एक समिति का गठन करें तथा जलाशय के आसपास हरियाली बढ़ाने, सड़क किनारे पौधारोपण करने और इस क्षेत्र को एक आदर्श हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
केंद्रीय मंत्री ने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अवैध खनन को रोकना अत्यंत आवश्यक है और यह धरती माता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्थानीय प्रजातियों के पौधों का अधिक से अधिक रोपण किया जाए तथा कुछ क्षेत्रों को संरक्षित कर प्राकृतिक रूप से हरित क्षेत्र विकसित किया जाए, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहे और पशुओं के लिए भी प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हो सकें।
श्री यादव ने कहा कि पानी का निर्माण संभव नहीं है, केवल उसका संरक्षण और पुनः उपयोग ही किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि देश में मीठे पानी की उपलब्धता सीमित है, इसलिए जल संरक्षण और जल पुनः उपयोग की दिशा में ठोस प्रयास आवश्यक हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button