गोड्डा

कठौन रेलवे हॉल्ट पर नहीं खुलता टिकट काउंटर

यात्री मजबूरन कर रहे बिना टिकट सफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा–हंसडीहा रेलखंड का एकमात्र हॉल्ट
रोजाना सैकड़ों यात्रियों को हो रही परेशानी
गोड्डा : जिले के गोड्डा–हंसडीहा रेलखंड पर स्थित कठौन रेलवे हॉल्ट पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस हॉल्ट पर टिकट काउंटर नहीं खुलने के कारण लोग मजबूरन बिना टिकट यात्रा करने को विवश हैं। गोड्डा और पोड़ैयाहाट स्टेशन के बीच स्थित यह एकमात्र रेलवे हॉल्ट है, जहां सभी पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां से अपने-अपने गंतव्य के लिए सफर करते हैं, लेकिन टिकट लेने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। यात्रियों का कहना है कि जब टिकट काउंटर ही नहीं खुलता, तो उनके पास बिना टिकट यात्रा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। वहीं उन्हें हमेशा इस बात का डर बना रहता है कि कहीं टिकट जांच के दौरान जुर्माना न भरना पड़े। यात्रियों ने बताया कि बीच के स्टेशनों पर भी टिकट लेने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हॉल्ट पर टिकट काउंटर कभी-कभार ही खुलता है, जिससे लोग “रामभरोसे” यात्रा करने को मजबूर हैं। पकड़े जाने पर उन्हें जुर्माना भी भरना पड़ता है। हालांकि, हॉल्ट पर मौजूद कर्मियों द्वारा इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को देने की बात कही जाती है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। एक ओर जहां रेल मंत्रालय बिना टिकट यात्रा रोकने के लिए सघन जांच अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की अव्यवस्था यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।अब सवाल यह उठता है कि जब टिकट लेने की सुविधा ही उपलब्ध नहीं है, तो बिना टिकट यात्रा के लिए जिम्मेदार आखिर कौन है?
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button