गाजियाबाद
डंपिंग ग्राउंड के विरोध में 1 मार्च को होगी महापंचायत
गांव-गांव पहुंचकर समर्थन जुटा रहे किसान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : मीरपुर हिन्दू गांव में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने 1 मार्च को महापंचायत आयोजित करने के साथ इसे सफल बनाने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर बुलाई गई इस महापंचायत को लेकर क्षेत्र में किसानों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। किसान संगठन और ग्रामीण संयुक्त रुप से मिलकर इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया हैं।
किसानों का आरोप है कि डंपिंग ग्राउंड के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्ण तरीके से लाठीचार्ज किया गया, जिससे क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में एकजुट होकर महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया गया है, ताकि प्रशासन तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाई जा सके।
महापंचायत को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अलग-अलग टोलियां बनाकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं। मंगलवार को किसानों की टीमों ने खानपुर जाप्ती, पचायरा, हरमपुर, इलायचीपुर, बदरपुर, सुंगरपुर, मीरपुर, सांकरौद, खेकड़ा, मऊ, काठा, सैदपुर, खासपुर और नंगला सहित बागपत क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को महापंचायत के उद्देश्य से अवगत कराया गया और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
किसान नेताओं ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड बनने से क्षेत्र के पर्यावरण, खेती और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसलिए यह आंदोलन केवल एक गांव का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता का मुद्दा है। उन्होंने सभी किसान भाइयों, महिलाओं और युवाओं से 1 मार्च को मीरपुर हिन्दू गांव में आयोजित महापंचायत में पहुंचकर एकजुटता दिखाने की अपील की।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। महापंचायत को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चाएं हो रही हैं और किसानों का दावा है कि बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेंगे।


