
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ी कठिन है डगर पनघट की, जरा संभल कर चलो जी
माउंट असिसी स्कूल के सामने जर्जर रोड से बढ़ा हादसों का खतरा
पोड़ैयाहाट। पोड़ैयाहाट स्थित माउंट असिसी स्कूल के सामने की मुख्य सड़क इन दिनों बेहद खराब हालत में है। यह मार्ग इलाके की प्रमुख सड़क है, जहां से रोज़ाना सैकड़ों वाहन, स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग गुजरते हैं। लेकिन सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उखड़ा डामर अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। पैदल चलने वाले लोग भी गिर कर चोटिल हो रहे है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों से बचने के चक्कर में असंतुलित हो रहे हैं। स्कूल के समय — सुबह और छुट्टी के दौरान — यहां ट्रैफिक अधिक रहता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय दुकानदारों और अभिभावकों का कहना है कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पैदल चलने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और गड्ढों दुरूस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह मुख्य मार्ग होने के बावजूद लंबे समय से उपेक्षित है। यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। सड़क के इस दुर्दशा के लिए जनप्रतिनिधि मौन है। प्रखंड प्रशासन को कोई लेना देना नहीं है।



