रांची

झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के आरोपों को बताया निराधार, बजट को बताया सशक्तिकरण एवं विकास का पैकेज

JMM General Secretary Vinod Pandey termed the BJP's allegations as baseless and described the budget as a package of empowerment and development.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा राज्य सरकार के बजट पर लगाए गए आरोपों को निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया। पांडेय ने कहा कि भाजपा जिस बजट को “दिशाहीन” और “रंगहीन” कह रही है, उसमें महिला सशक्तिकरण के लिए 34,211 करोड़ रुपये का जेंडर बजट, बच्चों के लिए 10,793 करोड़ रुपये का बाल बजट, ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत 730 करोड़ रुपये, तथा पर्यटन और निवेश योजनाओं के माध्यम से लगभग 45 हजार रोजगार सृजन की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह सब “लूट” इसलिए दिखाई दे रहा है क्योंकि यह बजट बिचौलियों के बजाय सीधे आम जनता को सशक्त बनाता है। धान खरीद, छात्रवृत्ति, पेंशन और गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं पर भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब यही बजट है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण को मजबूत किया गया है। विनोद पांडेय ने यह भी बताया कि केंद्र से प्राप्त सहायता और राज्य के अपने संसाधनों के संतुलित उपयोग से विकास संभव है। स्थानीय निकायों को पहली बार 1,172 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान देकर सरकार ने विकेंद्रीकृत विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के पास न तो गांवों के विकास का कोई वैकल्पिक विजन है और न ही महिलाओं के सशक्तिकरण का ठोस खाका। इसके बावजूद बजट झारखंड को आत्मनिर्भर और समतामूलक विकास के नए युग की ओर ले जायेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button