बाराबंकी
फतेहपुर में त्योहारों पर शांति के लिए बैठक
एसडीएम कार्तिकेय सिंह व सीओ जगतराम कन्नौजिया ने दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। फतेहपुर आगामी पर्व होली और रमज़ान को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कस्बा फतेहपुर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन डॉ. समर सिंह ने किया।
एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने निर्देश दिया कि होली के जुलूस वाले निर्धारित मार्ग पर जहां-जहां बिजली के तार झुके हुए या बाधा बन रहे हैं, उन्हें तत्काल सही कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने संबंधित विभाग को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ जगतराम कन्नौजिया ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन इरशाद अहमद कमर ने कस्बे में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने,नालियों की सफाई, कूड़ा उठान,पेयजल व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में इंस्पेक्टर अमित प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज अजय पांडेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कुमार वर्मा, मुफ्ती नजीब क़ासमी, सभासद मोहम्मद राहिल खान, अधिवक्ता राजू नयन तिवारी, अहमद सईद हर्फ, जमील प्रधान, सुरेश यादव, मोहम्मद वहीद,मास्टर मुबीन,शशी वर्मा, विमल कुमार, बलराज यादव, गणेश शंकर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने एक स्वर में होली और रमज़ान का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया



