हिरणपुर में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण होली मनाने की अपील
Peace committee meeting held in Hiranpur, appeal to celebrate Holi harmoniously

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के हिरणपुर थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बीडीओ टुडू दिलीप एवं अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने की। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पवित्र होली त्योहार मनाने पर जोर दिया। सभी ने मिल-जुलकर शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान थाना क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों ने अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों की निगरानी करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी, ताकि सभी लोग सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें।



