गाजियाबाद

जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद में दो दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला सम्पन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद : जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) गाजियाबाद द्वारा रिसोर्स पर्सनों के लिए दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन संस्थान के डासना स्थित कार्यालय में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्त्रोत व्यक्तियों को उद्यमिता विकास, व्यवसायिक संसाधनों, नवाचार तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी दक्षता में वृद्धि करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  के.डी. मिश्रा, प्रधानाचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुरादनगर तथा विशिष्ट अतिथि  सत्येंद्र कुमार, इंचार्ज महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राजनगर, गाजियाबाद द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जेएसएस गाजियाबाद के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सरोज सैनी और सरिता ने किया।
प्रारंभिक सत्र में निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने जेएसएस की स्थापना, अब तक की प्रगति, एम एस डी ई की जेएसएस योजना तथा गाजियाबाद जिले में इसके उद्देश्यों और प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।
इसके पश्चात  सत्येंद्र कुमार ने उद्यमिता विकास, बैंक ऋण प्रक्रिया, विभिन्न सरकारी योजनाओं, ई-श्रम पंजीकरण तथा महिलाओं के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि  के.डी. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि केवल नौकरी ही सफलता का एकमात्र मार्ग नहीं है, बल्कि छोटे से बड़े स्टार्टअप तक के माध्यम से भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है। उन्होंने व्यावसायिक प्रबंधन के मूल सिद्धांतों पर चर्चा करते हुए रिसोर्स पर्सनों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें नवाचार अपनाने की सलाह दी।
अभिनंदन सत्र में अतिथियों ने रिसोर्स पर्सनों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एवं प्रशिक्षकों के समर्पण और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कौशल विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस कार्यशाला में कुल 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन, लेखाधिकारी रामकुमार चौहान, क्षेत्रीय सहायक मोहित एवं यश भारती, कार्यालय सहायक रामराज तथा अनुदेशिकाएं सरिता और रजनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button