ललितपुर

सैमराभागनगर में मनरेगा सहित विकास कार्यों में घोटाले का आरोप, जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विकास खण्ड बार की ग्राम पंचायत सैमराभागनगर में मनरेगा व अन्य विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान, तकनीकी सहायक और रोजगार सेवक पर मेड़बंदी, तालाब खुदाई, नाला सफाई, ग्राम निधि कार्य, पेवर ब्रिक्स, एपेक्स पौधरोपण तथा हैंडपंप मरम्मत के नामपर लाखों-करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता साधना पत्नी विनोद एवं अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा कार्य ठेकेदार से कराए जा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि कई कार्यों में धरातल पर काम नहीं हुआ, जबकि कागजों में जीओ टैगिंग दिखाकर भुगतान कर दिया गया। आरोप है कि मजदूरों के खातों में पैसा डालकर उनसे अंगूठा लगवाकर राशि निकाल ली जाती है और उन्हें मात्र 500 रुपये देकर टाल दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि नाला सफाई व तालाब खुदाई जैसे कार्य मशीनों (जेसीबी व ट्रैक्टर) से कराए गए, जबकि मनरेगा में यह कार्य श्रमिकों से कराया जाना चाहिए। इसके चलते गांव के गरीब मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा और वे पलायन को मजबूर हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए शपथपत्रों और शिकायतों पर औपचारिक जांच दिखाकर निस्तारण कर दिया गया, लेकिन मौके पर वास्तविक जांच नहीं हुई। पेवर ब्रिक्स कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा और गुणवत्ता बेहद खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्च स्तरीय टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज करने और सरकारी धन की रिकवरी कराने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button