गाजियाबाद

 कंधों पर बच्चों को बैठाकर स्कूल जाने को मजबूर पिता

वार्ड 30 की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

जवाहर नगर कॉलोनी का वीडियो वायरल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 30 स्थित जवाहर नगर कॉलोनी के सी ब्लॉक से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पिता अपने छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर स्कूल ले जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि गली में फैली कीचड़ और गंदगी के कारण बच्चों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते पिता को यह कदम उठाना पड़ा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है। नालियों की नियमित सफाई न होने और कूड़े के ढेर समय पर न उठाए जाने से स्थिति और खराब हो गई है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। वायरल वीडियो के बाद नगर पालिका की सफाई व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के समय प्रत्याशियों द्वारा विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इस मुद्दे पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और वार्ड 30 के निवासियों को गंदगी की समस्या से राहत कब तक मिल पाती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button