मतगणना केंद्र पर अग्निशामक विभाग की मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन की तैयारियों की हुई समीक्षा
Fire department conducts mock drill at counting centre, reviews disaster management preparedness

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर अग्निशामक विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान संभावित आगजनी एवं अन्य आपात स्थितियों से निपटने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन दल द्वारा आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव कार्य एवं नियंत्रण की विधियों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपातकालीन स्थिति में समन्वित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मॉक ड्रिल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि मतगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र पर अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील अवस्था में रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित दल सतत तैयार रहें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंध किए गए हैं। किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।



