ललितपुर
खिरकापुरा कॉलोनी में गहराया जल संकट, डीएम से लगाई गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के वार्ड नंबर-2 स्थित खिरकापुरा स्थित काशीराम कॉलोनी के निवासी इन दिनों बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। लंबे समय से चल रही पानी की किल्लत से परेशान होकर दर्जनों मोहल्लावासी गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में निवासियों ने बताया कि कॉलोनी में स्थित पानी की टंकी से सप्लाई ठप पड़ी है। स्थिति तब और विकट हो गई जब मोहल्ले में मौजूद एकमात्र सरकारी बोरवेल पर भी कुछ दबंगों या स्थानीय लोगों द्वारा कब्जा करने की बात सामने आई। निवासियों का आरोप है कि उन्हें बोरवेल से पानी नहीं भरने दिया जा रहा है, जिससे दैनिक कार्यों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है।क्षेत्रीय लोगों में स्थानीय जनप्रतिनिधि के खिलाफ भारी आक्रोश है। पीडि़तों का कहना है किहमने कई बार अपने वार्ड पार्षद को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, लेकिन हमारी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्षद की बेरुखी के कारण आज हमें कलेक्ट्रेट के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।शिकायती पत्र पर पुष्पेंद्र, पूजा, गीता, केशकली और सरस्वती समेत कई महिलाओं व पुरुषों ने अपने हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए हैं। निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खिरकापुरा कॉलोनी में पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बोरवेल विवाद को सुलझाया जाए। यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो मोहल्लेवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



