
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। होली के पावन पर्व से ठीक पहले ललितपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गिरे/खोए हुए 117 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। इस पहल से मोबाइल पाने वाले लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने जनसुनवाई में प्राप्त मोबाइल गुमशुदगी संबंधी प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए सर्विलांस टीम एवं थानों पर गठित टीमों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा देश के कई राज्यों के अलग-अलग स्थानों से विभिन्न कम्पनियों के कुल 117 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। इस दौरान लोगों ने ललितपुर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम को पुरस्कृत भी किया। मोबाइल बरामद करने वाली टीम में सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण कुमार, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल तिवारी मय टीम, हेड कांस्टेबल जिनेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रशांत कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल मो. आमिर एवं कांस्टेबल मोहित सिंह शामिल रहे।



