ललितपुर
लेखपाल पर दो लाख रिश्वत लेकर पटटे की जमीन कब्जाने की साजिश का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम खिरियाभारनजू में एक गरीब भूमिहीन किसान की पट्टे वाली कीमती जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पीडि़त किसान ने क्षेत्रीय लेखपाल पर विपक्षी से मोटी रकम लेकर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कराने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी महरौनी को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्राम खिरियाभारनजू निवासी छिद्दामी पुत्र डरूआ अहिरवार ने शिकायती पत्र में बताया कि वह और उसकी पत्नी हरकिया उर्फ राजरानी भूमिहीन श्रमिक हैं। शासन द्वारा उन्हें वर्ष 2005 में आराजी संख्या 1132क (रकवा 0.304 हेक्टेयर) का पट्टा आवंटित किया गया था, जिस पर वे पिछले 20 वर्षों से खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। पीडि़त का आरोप है कि उसकी जमीन सड़क के किनारे (रोड साइड) स्थित है, जिस पर गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति जगना पुत्र सैतुआ अहिरवार की नीयत खराब है। आरोप है कि लेखपाल पंकज यादव ने विपक्षी से दो लाख रुपये की अनुचित राशि लेकर साठ-गांठ कर ली है। लेखपाल ने करीब एक माह पूर्व पैमाइश के बहाने उससे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। जब किसान ने अपनी जमीन पर तरमीम (नक्शा सुधार) करने से रोका, तो लेखपाल ने अभद्रता की। विपक्षी और लेखपाल मिलकर जबरन जमीन पर कब्जा कराने और सरकारी अभिलेखों में हेरफेर करने की धमकी दे रहे हैं। पीडि़त किसान छिद्दामी ने एसडीएम से गुहार लगाई है कि लेखपाल को उसकी पट्टे वाली भूमि पर किसी भी प्रकार की अवैध तरमीम या रंग भरने (नक्शा परिवर्तन) से रोका जाए। किसान ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला, तो वह न्यायालय की शरण लेने को विवश होगा।



