मथुरा
मथुरा पुलिस ने मकान में चोरी करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। बंद मकान से 90 हजार रुपये समेत आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को हाईवे व रिवार्डी पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी है। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। धौलीप्याऊ के निकट चंद्रपुरी के भगवती कॉलोनी निवासी राधाचरण शर्मा 15 फरवरी को अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। रात में चोरों ने उनके मकान के ताले तोड़े व घर में रखे 90 हजार रुपये और आभूषण ले गए। अगले दिन राधाचरण घर लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था, घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आरोपी की शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने बुधवार रात को राजस्थान के पीपला निवासी राजवीर को अडूकी गांव के निकट रेलवे लाइन पर घेर लिया। पुलिस को देख राजवीर फायरिंग करने लगा, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी बाएं टांग में गोली लग गई। वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपी के पास से तमंचा, बाइक समेत आभूषण बरामद किए हैं।



