सिंगरौली
शांति, सद्भावना और भाईचारे से मनाएं सभी त्यौहार: गौरव बैनल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं महावीर जयंती सहित सभी आगामी त्यौहार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाए जाएंगे। यह बात कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कही। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री की उपस्थिति में प्रशासन, पुलिस एवं शांति समिति के सदस्यों ने त्यौहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि सिंगरौली में सदैव सभी त्यौहार आपसी सद्भाव के साथ मनाए जाते रहे हैं। फिर भी राजस्व एवं पुलिस प्रशासन को सतर्क रहकर समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर होलिका दहन होगा, उनकी पूर्व जानकारी सुनिश्चित की जाए। संभावित असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर ओवर बाउंड की कार्रवाई की जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल लगातार क्षेत्र भ्रमण और फ्लैग मार्च करें। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित गाइडलाइन का पालन कराया जाए। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था तथा विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।रामलीला मैदान बैढ़न, बिलौजी तिराहा, नवजीवन विहार सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि त्यौहारों की परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की जाए।आमजन ऐसी किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम देवसर अखिलेश सिंह, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, विभिन्न तहसीलदार, एसडीओपी, थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जिलेवासियों को होली, , ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति, सद्भाव और गरिमामय वातावरण में त्यौहार मनाने की अपील की।



