ललितपुर
रास्ता साफ करने को लेकर विवाद, युवक पर लाठी से हमला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र के ग्राम बमहौरी बहादुर सिंह में रास्ता साफ करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने एक व्यक्ति से गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम बमहौरी बहादुर सिंह निवासी जगदीश पुत्र शंकर धोबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 फरवरी 2026 को वह अपने खेत से ट्रैक्टर में भूसा लाकर घर के रास्ते पर उतार रहे थे। तभी उनका भतीजा वृंदावन वहां आया और रास्ता साफ करने को कहने लगा। पीडि़त का आरोप है कि थोड़ी देर में विक्रम और हेमंत भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान विक्रम ने लाठी से जगदीश पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीडि़त ने थाना महरौनी में तहरीर दी। पुलिस ने वृंदावन, विक्रम और हेमंत के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।



