ललितपुर
शहीद चन्द्र शेखर आजाद के बलिदान दिवस पर देश भक्ति गीतों से गूंजा कुम्हैड़ी
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया भजन संध्या व ऑर्केस्ट्रा का शुभारंभ
आजाद अमर रहें के जयघोष से उत्साहित हुए ग्रामीण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महरौनी (ललितपुर)। तहसील अंतर्गत ग्राम कुम्हैड़ी में अमर शहीद चन्द्र शेखर आजाद का बलिदान दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन के दूसरे दिन, 28 फरवरी को भव्य भजन संध्या एवं ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समूचे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण एवं विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री प्रतिनिधि चन्द्रशेखर पंथ ने फीता काटकर व शहीद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा, ग्राम प्रधान राघवेन्द्र भौडेले, पूर्व प्रधान संजय भौडेले सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शहीदों की स्मृति में होने वाले ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा और देशभक्ति का संचार करते हैं। वहीं, राज्यमंत्री प्रतिनिधि ने स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि शहीद आजाद की पावन स्मृति में आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा बनना गौरव की बात है। सागर से आए रंगोली भजन ऑर्केस्ट्रा के कलाकारों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद दिल दिया है जान भी देंगे और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे कालजयी गीतों की प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। विशेष आकर्षण के रूप में राज्यमंत्री प्रतिनिधि ने भी मंच से दो राष्ट्रगीत गाकर जनसमूह का उत्साहवर्धन किया। पूरा परिसर आजाद अमर रहें के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का सफल संचालन समिति संस्थापक दिनेश विदुआ ने किया। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रमोद सीरौठिया ने सभी अतिथियों, कलाकारों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संरक्षक रामशरण दीक्षित, संजय रावत, नीरज चतुर्वेदी, शिवचरन निरंजन, प्रकाश निरंजन, नारायण राजा, सीताराम कुशवाहा, संजय मिश्रा, लक्ष्मीनारायण चौधरी, राजू विरथरे, रामभरत निरंजन, राहुल सरकनया, छोटू सेन, जानू नामदेव, बलराम कुशवाहा, महेन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



