
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल निगाही कॉलोनी के एमक्यू-433 क्वार्टर में शनिवार सुबह एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान दसौती निवासी फूलमती बसौर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
पार्टी के बाद विवाद, युवक कमरे में बंद रहा
पुलिस के अनुसार संबंधित क्वार्टर आंध्रप्रदेश निवासी ठेकेदार संदीप को आवंटित था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात संदीप और फूलमती क्वार्टर में साथ थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद फूलमती कमरे से बाहर निकल गई और बाहर से कुंडी लगाकर संदीप को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में चली गई। संदीप के अनुसार वह शराब के नशे में उसी कमरे में सो गया।
सुबह खुला राज, फंदे पर मिला शव
शनिवार सुबह जब संदीप की नींद खुली तो उसने खुद को कमरे में बंद पाया। उसने पड़ोसियों को फोन कर मदद मांगी। दरवाजा खुलने के बाद जब वह दूसरे कमरे में पहुंचा तो फूलमती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
परिजनों का आरोप, हत्या को आत्महत्या का रूप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि फूलमती की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने क्वार्टर आवंटन प्रक्रिया और बाहरी लोगों के कॉलोनी में आवागमन पर भी सवाल उठाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा। घटना के बाद नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



