गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर इलाके में 14 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या, क्षेत्र में सनसनी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना पुलिस सहायता केंद्र बंद फाटक, रामविहार मार्किट के अंतर्गत आने वाली आनंद विहार कॉलोनी की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक किशोरी की उम्र लगभग 14 वर्ष थी और उसके पिता का नाम अनुज बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किशोरी ने किन कारणों से यह कदम उठाया। घटना के बाद से इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

