खैरथल
खैरथल में महिला दिवस पर ‘संतुलन’ का भव्य आयोजन
नारी सृजन, पालन और परिवर्तन की शक्ति : साध्वी रक्षिता

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कृष्ण वाटिका खैरथल में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की जेंडर इक्वैलिटी एवं महिला सशक्तिकरण पहल ‘संतुलन’ के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संतुलन पहल के माध्यम से महिलाओं की गरिमा, लैंगिक समानता और समग्र सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। संस्थान की ओर से बताया गया कि संतुलन आज भारत के प्रमुख महिला सशक्तिकरण अभियानों में शामिल है, जिसमें करीब 70 हजार महिला स्वयंसेविकाएं और चार हजार से अधिक प्रशिक्षित साध्वी काउंसलर भारत सहित विदेशों में महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं।
दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी रक्षिता जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी सृजन, पालन और परिवर्तन की शक्ति का स्वरूप है और वह एक समृद्ध समाज का नेतृत्व करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के योगदान को अक्सर पर्याप्त सम्मान नहीं मिलता, जिससे उनके उत्साह और आत्मविश्वास पर प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम में “टॉक्सिक फेमिनिज्म बनाम नारी का यथार्थ संघर्ष” विषय पर पैनल चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाओं ने शिक्षा, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन वास्तविक सशक्तिकरण के लिए आंतरिक जागृति और आध्यात्मिक पहचान को समझना भी आवश्यक है।
साध्वी रक्षिता जी ने अपने संबोधन में रानी चेन्नम्मा, रानी अबक्का, अक्का महादेवी सहित वैदिक युग की विदुषियों ऋषिका गार्गी, ऋषिका मैत्रेयी और ऋषिका अनुसूया के प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान संतुलन के स्वयंसेवकों द्वारा नाट्य और नृत्य प्रस्तुति भी दी गई तथा लैंगिक समानता को लेकर जागरूकता बढ़ाने वाली विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की रेवाड़ी शाखा की समन्वयक साध्वी दीपांकारा भारती जी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन हाई-टी, समूह छायाचित्र और सामाजिक जागरूकता प्रदर्शनी के साथ हुआ।
संस्थान की ओर से बताया गया कि दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी द्वारा स्थापित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान समाज में शांति और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है तथा महिला सशक्तिकरण, साक्षरता, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, गौ संरक्षण, आपदा प्रबंधन, कारागार सुधार और दिव्यांगजन सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।


