बरेली
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सदर में समाधान दिवस हुआ संपन्न
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जनसुनवाई हेतु 9:45 से 12 बजे तक कार्यालय में उपलब्ध रहे अधिकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की तहसील सदर स्थित सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि आमजन की शिकायतों का यथाशीघ्र और गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए जिससे जनता की शिकायतों के निस्तारण में कोई समस्या ना आए।
उन्होंने तहसील दिवस में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने कार्यालयों में सुबह 9ः45 से 12ः00 तक अवश्य बैठे और आने वाले आमजन शिकायतों का निस्तारण करें और उनके साथ बेहतर व्यवहार भी करें, आपके द्वारा किए जाने वाले निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी होना चाहिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में निवासी हरुनगला थाना बारादरी द्वारा बताया गया कि प्रार्थी अपने खेत पर खेती का कार्य करता है तथा खेत में पक्के खम्भे व तार भी लगे हुए थे, जिन्हें लेखपाल द्वारा गलत तरीके से नाप कर बी.डी.ए. द्वारा उनकी जमीन पर नाला खुदवा दिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने वीसी बीडीए/उप जिलाधिकारी सदर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एक अन्य आवेदक निवासी संजय नगर द्वारा कृषि भूमि ग्राम पुरनापुर में भूमाफियों द्वारा सीमेंट के पोल लगाकर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर/एसएचओ इज्जतनगर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार सहित सम्बंधित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





