जामताड़ा

तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से गाय की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

A cow dies after being hit by a speeding four-wheeler, sparking outrage among villagers.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा जिले के करमाटाड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर रामपुर गांव के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी और ग्रामीणों के बीच आक्रोश का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रही एक चार पहिया वाहन (नंबर JH04 AD 6196) ने सड़क पार कर रही गाय को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि यह गाय रामपुर गांव निवासी किसान विकास नापित की थी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और वाहन में सवार लोगों को रोक लिया। घटना को लेकर कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी भी हुई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ भी जुट गई। हालांकि बाद में गांव के बुद्धिजीवी और स्थानीय लोगों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को शांत कराया गया। आपसी सहमति से विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए दोनों पक्षों के बीच समझौता कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। इससे मवेशियों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button