कैराना

नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी पर भड़के सभासद

कार्रवाई की मांग

घटिया सामग्री लगाने का आरोप, जेई के पहुंचने पर शांत हुआ विवाद; पहले भी डीएम से हो चुकी है शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नगर पालिका परिषद कैराना के निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। मुख्य मार्ग पर कराए जा रहे नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए बुधवार को सभासद भड़क उठे। मौके पर पहुंचे सभासदों ने निर्माण कार्य पर कड़ी आपत्ति जताते हुए हंगामा किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए नाले का निर्माण कार्य रुक गया। बाद में मौके पर पहुंचे निर्माण जेई की मौजूदगी पुनः निर्माण शुरू किया गया।
बताया गया है कि कस्बे के मुख्य मार्ग पर नगर पालिका परिषद की ओर से मुख्य नाले का निर्माण कराया जा रहा है।स्थानीय सभासदों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं कराया जा रहा है और खुलेआम घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसको लेकर कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।बुधवार को जब सभासदों को निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की जानकारी मिली तो साभासद पति इन्तिज़ार अहमद,तौसीफ,मौलवी फुरकान व महबूब अली  मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सभासदों ने नाराजगी जताई और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और काम कर रहे मजदूरों ने निर्माण कार्य रोक दिया। सभासदों का कहना है कि नगर पालिका के ठेकेदार लगातार निर्माण कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं। घटिया सामग्री के कारण नाले और नालियां कुछ ही दिनों में टूटने लगती हैं, जिससे जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों में हो रही गड़बड़ियों को लेकर बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। बताया गया है कि इससे पहले भी करीब आधा दर्जन सभासद नगर पालिका में चल रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी शामली अरविंद चौहान को शिकायती पत्र सौंप चुके हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे सभासदों और स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इधर, सभासदों के विरोध और हंगामे की सूचना मिलने पर नगर पालिका के निर्माण जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभासदों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और निर्माण कार्य की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उनकी मौजूदगी में कुछ देर बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया। हालांकि सभासदों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं कराया गया और घटिया सामग्री का इस्तेमाल जारी रहा तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button