ललितपुर

राखपंचमपुर मेले के अंतिम दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गूंजते रहे सिद्ध बाबा के जयकारे

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। विकासखंड जखौरा क्षेत्र के ग्राम राखपंचमपुर में स्थित श्री सिद्ध बाबा मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय राखपंचमपुर मेले के अंतिम दिन बुधवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर परिसर में जय सिद्ध बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। 7 मार्च से शुरू हुआ यह मेला 11 मार्च तक चला। मेले के आखिरी दिन श्रद्धालुओं ने श्री सिद्ध बाबा की चमत्कारी मडय़िा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाएं मांगीं। श्रद्धालुओं का मानना है कि मंदिर से मिलने वाली पवित्र भभूति (राख) को फोड़े-फुंसी या शरीर पर लगाने से चर्म रोगों में राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते दूर-दूर से बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचे। बुधवार को भी कई श्रद्धालुओं ने सत्यनारायण भगवान की कथा कराई और सीदे में आटा, दाल, चावल, आलू, नमक, मिर्च, तेल और घी अर्पित किया। मेले में बच्चों और बड़ों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने मिट्टी के बर्तन और चाय के कपों की जमकर खरीदारी की। मेले की शुरुआत 7 मार्च को राखपंचमपुर गांव स्थित राम-जानकी मंदिर से भगवान के विमान की गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा से हुई थी। यह शोभायात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए सिद्ध बाबा मंदिर पहुंची थी। भगवान का विमान तीन दिन तक मंदिर परिसर में रहा और गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ उसकी विदाई कर पुन: राम-जानकी मंदिर में स्थापित किया जाएगा। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज समय-समय पर मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। प्रभारी निरीक्षक जखौरा राजीव कुमार बेस, मेला चौकी प्रभारी मूलचंद, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सहित पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा। मेले में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। प्रशासन की ओर से बिजली, पानी और सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं के लिए हैंडपंप, पानी के टैंकर और पाइपलाइन के नल लगाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एम्बुलेंस और नि:शुल्क दवा वितरण काउंटर भी लगाया गया था, जबकि अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी तैनात रही। हालांकि महर्रा तिराहा से राखपंचमपुर मेले की ओर आने वाली सड़क की हालत खराब होने से श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। मेले की व्यवस्थाओं में मेला प्रभारी नायब तहसीलदार घनेन्द्र तिवारी, ग्राम प्रधान राजपाल सिंह यादव, लेखपाल संजीव कुमार मिश्रा सहित प्रशासनिक व स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button