जामताड़ा

जामताड़ा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम

District level program on International Women's Day in Jamtara

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

जामताड़ा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 तथा जल महोत्सव पखवाड़ा (8 से 22 मार्च) के अवसर पर बुधवार को जामताड़ा के एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और आधार हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी प्रकार की छेड़खानी, दुर्घटना या घरेलू हिंसा की घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, पुलिस हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जल संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए खराब पड़े चापाकलों की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी जाए, ताकि समय पर मरम्मत कर लोगों को पानी की समस्या से बचाया जा सके। वहीं परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित दिवस है। सरकार द्वारा महिलाओं के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं विधवा पेंशन योजना प्रमुख हैं। उन्होंने सभी से पात्र महिलाओं को इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए ने सभी उपस्थित लोगों को महिलाओं के सम्मान, समानता और जल संरक्षण के प्रति सामूहिक शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें स्कूली बच्चियों और महिलाओं ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अवर निरीक्षक, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, महिला पर्यवेक्षिकाएं, सीडीपीओ, जल सहिया सहित कई कर्मियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अवधेश्वरी प्रसाद नारायण देव, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अनूप कुमार महतो, डीपीएम जेएसएलपीएस राहुल रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button