बरेली
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन जरूरी: मुख्य चिकित्सा अधिकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से किशोरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बरेली सहित प्रदेश के सभी जिलों में सिंगल डोज ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। यह विशेष अभियान अगले तीन माह तक 27 कोल्ड चेन पॉइंट पर संचालित होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा प्रमुख कैंसर है और एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से इसे रोका जा सकता है। इसलिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन जरूरी है। जिले में दो मेडिकल कॉलेज, जिला महिला अस्पताल, 8 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र(यूपीएचसी) और 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर यह सुविधा उपलब्ध है। पहले तीन माह अभियान के दौरान, एचपीवी टीकाकरण सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा, उसके बाद नियमित टीकाकरण के तहत बुधवार और शनिवार को होगा।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण और जिला महिला अस्पताल के स्टाफ का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और आज से नगरीय एवं ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो रहा है। डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सभी किशोरियों को गार्डसिल की सिंगल डोज वैक्सीन दी जाएगी जो चार तरह के स्ट्रेन 06,11,16,18 पर काम करेगी । शासन की ओर से जिले को 13830 डोज गार्डसिल वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है।
अभियान के तहत उन किशोरियों को पात्र माना जाएगा जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की हो। अभियान का लक्ष्य जिले की लगभग 50 हज़ार किशोरियों का टीकाकरण करना है, जो कुल जनसंख्या का एक प्रतिशत है। अभियान का लक्ष्य कुल जनसंख्या का एक प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन अब तक 165 देशों में 50 करोड़ लाभार्थियों को प्रतिरक्षित किया जा चुका है यदि टीका लगने के बाद बुखार, सिरदर्द, मतली या चक्कर आएं तो पैरासिटामॉल की एक गोली दें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पिलाएं। इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द, सूजन या लालिमा हो तो बर्फ से सिकाई करें।



