गोड्डा

केवीके गोड्डा में ‘सीड एंड फूड फेस्टिवल’ का आयोजन

पारंपरिक बीज व जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : जिला कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गोड्डा में मंगलवार को उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में बदलाव फाउंडेशन के पहाड़िया स्वावलंबन कार्यक्रम के अंतर्गत “सीड एंड फूड फेस्टिवल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक बीजों के संरक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा पहाड़िया समुदाय की आजीविका को सशक्त बनाना था। इस दौरान उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों, किसान समूहों तथा पहाड़िया समुदाय द्वारा लगाए गए पारंपरिक बीजों, स्थानीय खाद्य पदार्थों और कृषि उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने पारंपरिक बीजों के संरक्षण और स्थानीय खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि पारंपरिक बीज और स्थानीय खाद्य प्रणाली हमारी कृषि विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण से न केवल जैव विविधता सुरक्षित रहती है, बल्कि किसानों की आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि पहाड़िया स्वावलंबन कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समुदाय को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को पारंपरिक खेती, जैविक उत्पादन और पोषक आहार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और पहाड़िया समुदाय के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा पारंपरिक बीजों का आदान-प्रदान भी किया गया। इस अवसर पर स्थानीय बीजों, मोटे अनाज, सब्जियों, फलों और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने लोगों को स्थानीय कृषि एवं खाद्य संस्कृति की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, जिला उद्योग पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के डीपीएम, बदलाव फाउंडेशन के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान, महिला समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button