जामताड़ा की 108 एम्बुलेंस पर सवाल, रिम्स रेफर 13 वर्षीय बच्ची को रास्ते में बैना से हवा देते दिखे परिजन
Questions raised on Jamtara's 108 ambulance; family members seen fanning a 13-year-old girl with a bottle on the way to RIMS

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। जानकारी के अनुसार एक 13 वर्षीय बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची को ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई, लेकिन एम्बुलेंस में एयर कंडीशनर (AC) नहीं चलने के कारण मरीज और परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान गर्मी और घुटन से बच्ची की हालत और खराब न हो जाए, इस डर से परिजन रास्ते भर हाथ के पंखे यानी बैना से हवा देते रहे। इस दौरान का वीडियो और तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गंभीर मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, लेकिन अगर एम्बुलेंस में ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी तो मरीजों को परेशानी उठानी पड़ेगी। इस घटना ने जामताड़ा की एम्बुलेंस सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितना गंभीरता से लेता है।



