शामली
भडी भरतपुरी में सफाई व्यवस्था चरमराई
ग्रामीण रमजान में गंदगी से परेशान, वर्षों से नहीं दिखा सफाईकर्मी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना क्षेत्र के गांव भडी भरतपुरी में रमजान के महीने के दौरान भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में वर्षों से कोई सफाईकर्मी नहीं दिखा है, जिसके कारण गलियों में कीचड़, कूड़े के ढेर और जाम नालियां आम समस्या बन चुकी हैं।हालात यह हैं कि नमाज के लिए मस्जिद जाने वाले लोगों को भी गंदगी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई न होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं। ग्रामीण अयूब, गय्यूर, मुनव्वर, सनवर, रहीस और अबरार सहित अन्य लोगों ने बताया कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था की अनदेखी के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत सचिव को फोन कर समस्या से अवगत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा और न ही सफाई की कोई व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में गांव के लोग ही समय-समय पर आपस में मिलकर सफाई कर लेते हैं। हालांकि, नियमित सफाई न होने के कारण कुछ ही दिनों में फिर वही स्थिति बन जाती है। खासकर रमजान के महीने में सुबह और शाम नमाज के लिए मस्जिद जाने वाले बुजुर्गों और बच्चों को गलियों में भरे कीचड़ और गंदगी सेहोकर गुजरने में अधिक दिक्कत होती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से गांव में नियमित सफाई कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव अनुज चौधरी और एडीओ पंचायत सतीश कुमार से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।