ललितपुर
एसपी ने गूगल मीटिंग में की पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
त्यौहारों को लेकर भी दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा व चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होगी, जिसमें दो-दो पालियों में कुल चार पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एसपी ने निर्देश दिए कि भर्ती बोर्ड और उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए परीक्षा को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया जाए। बैठक में बताया गया कि परीक्षा के दौरान जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियों तथा सचल दलों की ड्यूटी लगाई गई है। साइबर सेल और पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर फोटोकॉपी व अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि जाम जैसी समस्या न हो। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। साथ ही चेतक मोबाइल, सेकेंड मोबाइल और बस मोबाइल को अतिरिक्त ड्यूटी पर लगाया गया है, जो जरूरत पडऩे पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे। बैठक में आगामी ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर आयोजकों से संवाद करने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसपी ने ई-रिक्शा चालकों के सत्यापन, आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, लंबित विवेचनाओं के निपटारे, सोशल मीडिया निगरानी और हाईवे पर गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए। साथ ही संभावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ परीक्षा और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
