ललितपुर

ललितपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना की मासिक गोष्ठी आयोजित

बाल सुरक्षा व पॉक्सो मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में गुरुवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना (एएचटी) और एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी) कालू सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित की गई। बैठक में थाना एएचटी, एसजेपीयू तथा जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के साथ मार्च माह की समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी एसओपी, अनुसंधान प्रक्रिया तथा थानों में नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। गोष्ठी में बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता, साइबर क्राइम, एससी-एसटी एक्ट तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही नारी शक्ति, किशोर न्याय अधिनियम 2015 में हुए नवीन संशोधन तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों की सूचना 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को दी जाए तथा फार्म ए, बी और एसबीआर रिपोर्ट समय से प्रेषित की जाए। इसके अलावा पॉक्सो मामलों में आरोपियों को उच्च न्यायालय से मिलने वाली जमानत की सूचना वादी या पीडि़ता तथा बाल कल्याण समिति को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनपद में पंजीकृत और लंबित गुमशुदा बच्चों के मामलों तथा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज अभियोगों की समीक्षा भी की गई। साथ ही जेजे एक्ट से संबंधित आदेशों और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, चाइल्ड लाइन, प्रधान किशोर न्याय बोर्ड, जन साहस, वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य विभागों के अधिकारी और जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button