
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश औषधि प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में जिले में दवा कारोबार की निगरानी को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक विनय मिश्रा ने जिले के कई थोक दवा विक्रेताओं का भौतिक सत्यापन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश औषधि प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिले में संचालित दवा थोक विक्रेताओं के लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था, रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत औषधि निरीक्षक ने विभिन्न दवा प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दस्तावेजों का मिलान किया और दवा भंडारण की स्थिति का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा विक्रेताओं को औषधि अधिनियम के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक विनय मिश्रा ने बताया कि शासन और औषधि प्रशासन के निर्देशों के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध हो सकें। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।