हजारीबाग

रामनवमी से पहले अलर्ट पुलिस

हजारीबाग में जोनल क्राइम मीटिंग चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर।

जोनल क्राइम मीटिंग में आईजी सुनील भास्कर के साथ डीआईजी अंजनी झा, डीआईजी आनंद प्रकाश समेत 5 एसपी रहे मौजूद।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ आगामी रामनवमी और ईद को लेकर हजारीबाग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जोनल लेवल क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता बोकारो रेंज के आईजी सुनील भास्कर ने की। बैठक में हजारीबाग डीआईजी अंजनी झा, बोकारो डीआईजी आनंद प्रकाश सहित उत्तरी छोटानागपुर रेंज के कई जिलों के एसपी मौजूद रहे। बैठक के दौरान आईजी सुनील भास्कर ने सभी जिलों के एसपी से अपराध की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर कितना अमल हुआ है, इसका भी रिव्यू किया गया। अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर हजारीबाग की विश्व प्रसिद्ध रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। आईजी ने कहा कि हाल ही में निकला मंगल जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है और आगे भी सभी पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हों, इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि रामनवमी और ईद के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्व को उत्साह और भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में संगठित अपराध पर भी विशेष चर्चा हुई। आईजी ने बताया कि विभिन्न गिरोहों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है और जेल के अंदर व बाहर सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कई अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके अलावा ई-प्रिजन सिस्टम के माध्यम से भी अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रामनवमी के ठीक पहले आयोजित यह जोनल लेवल क्राइम मीटिंग प्रशासन की तैयारी को दर्शाती है। आने वाले दिनों में प्रशासन के सामने शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न कराना बड़ी जिम्मेदारी होगी। ऐसे में पुलिस के साथ-साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button